बाबा साहेब की जयंती पर अंबेडकर पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान

Share Now

महापौर ने कार्यकर्ताओं के साथ डा. अंबेडकर को किया नमन

रूद्रपुर।(संदीप पांडेय) संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने सामाजिक समरसता और स्वच्छता का संदेश दिया। सोमवार को महापौर ने हर हर महादेव ग्रुप की टीम और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य बाजार स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने अंबेडकर पार्क के कायाकल्प के लिए सौंदर्यीकरण कार्य कराने की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्क को भव्य रूप देने के साथ-साथ यहां बाबा साहेब की जीवनी और उनके ऐतिहासिक संघर्षों को चित्रों व शिलालेखों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग से प्रेरणा ले सकें। महापौर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के जीवन से युवाओं को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने सदैव समाज को शिक्षित बनाने पर जोर दिया, क्योंकि एक शिक्षित समाज ही राष्ट्र की उन्नति का आधार बनता है। डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की बदौलत ही आज देश में एक मजबूत लोकतंत्र स्थापित है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरी मानवता के मसीहा थे। सामाजिक न्याय और समानता के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने वाला संविधान देश को प्रदान किया। डॉ. अंबेडकर ने दलित और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें समाज में समान अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्श, सिद्धांत और विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान को अक्षुण्ण रखना हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *