- डीएम ने ली मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा बैठक।
- कंट्रोल रूम, संचार व्यवस्था एवं आईआरएस टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश।
बागेश्वर।(राजतंत्र टाइम्स) आगामी मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता मे बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सड़क मार्गों को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संवेदनशील मार्गों पर पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें तैनात करने को लेकर तैयारियां शुरू करने तथा जेसीबी ऑपरेटरों की संपर्क सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को सड़क किनारे एवं नालियों की सफाई अभियान चलाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को मानसून अवधि में संभावित प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं के लिए मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) तैयार करने, आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने एवं चिकित्सा व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अग्रिम रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को संवेदनशील विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर उनकी सुरक्षा संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों को सभी पुलों एवं पुलियों की स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, आपदा प्रबंधन एवं अन्य संबंधित विभागों को किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आईआरएस (Incident Response System) टीमों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने, सभी तहसीलों में कंट्रोल रूम, सैटेलाइट फोन एवं वायरलेस सिस्टम को सक्रिय रखने तथा आवश्यक उपकरणों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त संचार विहीन गांवों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने को भी कहा ।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल,सभी एसडीएम सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे


