- ऊर्जा संरक्षण की दिशा में पहल, सूचना विभाग में हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) ऊर्जा संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूचना विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने विभाग में प्रत्येक शनिवार को “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी प्रत्येक शनिवार को कार्यालय आने-जाने के लिए निजी वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करेंगे।
महानिदेशक सूचना ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। यह पहल ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को मजबूती प्रदान करेगी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने विभागीय स्तर पर इस पहल को अपनाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने की बात कही।


