सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने मुनस्यारी में MBADP कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

Share Now
  • सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने मुनस्यारी में MBADP कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

पिथौरागढ़।(राजतंत्र टाइम्स) मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी द्वारा विकासखंड मुनस्यारी क्षेत्र में मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम (MBADP) के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में निर्माणाधीन ग्लास हाउस परियोजना एवं प्रसिद्ध नंदा देवी मन्दिर परिसर मुनस्यारी में संचालित सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की गति में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों निर्माणाधीन परियोजनाओं को आगामी एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाए, ताकि स्थानीय जनता एवं श्रद्धालुओं को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास एवं स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से MBADP के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्लास हाउस परियोजना क्षेत्रीय कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी, जिससे स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीकों का लाभ मिल सकेगा। वहीं नंदा देवी मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगा।

निरीक्षण के दौरान आशीष पुनेठा, प्रतिम भट्ट , राजेश बिष्ट तथा खंड विकास अधिकारी मुनस्यारी नेहा कुमारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यटन संवर्धन एवं स्थानीय आजीविका को मजबूत करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। MBADP के अंतर्गत संचालित ये परियोजनाएं भविष्य में मुनस्यारी क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *