- कहा- विकास के रुद्रपुर मॉडल की पूरे प्रदेश में हो रही गूंज
रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। नगर निगम रुद्रपुर के आठ नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को नगर निगम सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हेमा जोशी ने सभी नामित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम परिवार ने नव नामित पार्षदों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
समारोह में सरकार द्वारा नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, नरेश उप्रेती, राजन राठौर, विवेक रावत, अमित मिश्रा, जितेंद्र मौर्य, सतनाम सिंह सहित सभी नामित पार्षदों ने शपथ ग्रहण कर नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने पार्षदों को शपथ दिलाने के बाद कहा कि नामित पार्षदों को संगठन और सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें विश्वास है कि सभी पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के विकास, स्वच्छता, जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम को आज आठ नए पार्षदों के रूप में सशक्त सहयोग मिला है, जो शहर के विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगा।
उन्होंने महापौर विकास शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रुद्रपुर ने विकास और व्यवस्थाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। आज रुद्रपुर की पहचान केवल एक औद्योगिक शहर के रूप में नहीं बल्कि सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक नगर के रूप में बन रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब शहर में प्रवेश करते ही लोगों का स्वागत कूड़े के ढेरों से होता था, लेकिन आज वहां पर सुंदर और आकर्षक पार्क नजर आ रहा है। त्रिशूल चौक का सौंदर्यीकरण शहर की नई पहचान बन चुका है।
हेमा जोशी ने कहा कि रुद्रपुर का विकास मॉडल आज प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था में हुए सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से ठेलियां खड़ी रहती थीं, वहीं अब वेंडिंग जोन बनाकर ठेला व्यवसायियों को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया गया है। यह दूरदर्शी सोच और योजनाबद्ध विकास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जब किसी शहर का प्रथम नागरिक अपने नगर के विकास को लेकर गंभीर हो और प्रदेश का नेतृत्व भी विकास के प्रति समर्पित हो, तब परिणाम सकारात्मक ही आते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और रुद्रपुर भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आने वाले समय में अनेक बड़ी परियोजनाएं शहर की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेंगी।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नामित पार्षद नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक नियुक्ति नहीं, बल्कि शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी का अवसर है। सभी नामित पार्षद सरकार और संगठन की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनता तथा प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेंगे।
महापौर ने कहा कि उनका लक्ष्य रुद्रपुर को उत्तराखंड का सबसे विकसित, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना है। इस दिशा में नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मार्गदर्शन और सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है, जिसके कारण डेढ़ वर्ष के भीतर लगभग सवा सौ करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतारे जा सके हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण, पार्कों के विकास, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, वेंडिंग जोन, नालों के निर्माण और सौंदर्यीकरण जैसे अनेक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के समग्र और दीर्घकालिक विकास की योजना पर कार्य कर रहा है। आने वाले वर्षों में रुद्रपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा के निर्वाचित पार्षद नहीं चुने जा सके थे, वहां की जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए नामित पार्षदों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि शहर का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी नामित पार्षदों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करें। जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता अभियान, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनता ने नगर निगम पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास को कायम रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, हिमांशु शुक्ला, कुलदीप कुमार, अरुण कुमार, केके त्रिपाठी, अजय जोशी, प्रदीप मौर्य, मोहित मौर्य, गौरव गंगवार, राजेन्द्र सिंह पाल, प्रवीन सिंह, नंदन नेगी, राजेन्द्र प्रसाद टम्टा, नीरज सिंह, अजीत कुमार, निशांत विश्वास, नितेश विश्वास, प्रमोद शर्मा, सुशील चौहान, गौरव जुयाल, विकास जैन, आशीष बिष्ट, मनीष चौधरी, रितिक चौधरी, गुरजीत सिंह, अमित गौड़, महेन्द्र पला, जगदीश सिंह, कमल पाल, गोविंद रायज, राजेन्द्र पाल, आकाश पाल, गुरमेल सिंह, पूरन पांडे, कौशल, नवीन भगत, मंटू दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


