24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन, तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Share Now

पिथौरागढ़। ।(राजतंत्र टाइम्स)।  जनपद पिथौरागढ़ में आगामी 24 एवं 25 अक्टूबर, 2026 को प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में हुई इस बैठक में आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि यह हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन ज्योलिंकोंग से प्रारंभ होगी तथा गुंजी आदि क्षेत्रों तक इसका मार्ग रहेगा। प्रतियोगिता का आयोजन 70, 42, 21, 10 तथा 5 किलोमीटर की कुल पांच श्रेणियों में किया जाएगा। इस वर्ष लगभग 1000 प्रतिभागियों के मैराथन में भाग लेने की संभावना है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं संभावित प्रतिभागियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि आयोजन की सफलता के लिए आईटीबीपी, बीआरओ, भारतीय सेना एवं एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जिन क्षेत्रों में उनके सहयोग की आवश्यकता हो, उसकी अग्रिम रूप से व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही आयोजन स्थल एवं मार्ग पर नेटवर्क कनेक्टिविटी तथा विद्युत आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने मैराथन मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करने, पर्याप्त संख्या में आकर्षक एवं स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों, एम्बुलेंसों, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन जनपद के साहसिक पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए समय से सभी तैयारियां पूर्ण करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जे एस चुफाल, उपनिदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा आर्मी, आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ के अधिकारियों ने वर्चुअली माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *