- मारपीट, जानलेवा हमले और जातिसूचक शब्दों के आरोप में मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी; सोमवार शाम चार बजे तक का अल्टीमेटम
रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। भाजपा नेता और उनके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली का घेराव कर जमकर हंगामा किया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने कोतवाली परिसर में धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार शाम चार बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हाईवे जाम करने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। मामला सात अगस्त को सामने आए विवाद से जुड़ा है। वाल्मीकि समाज के लोगों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई सन्नी चुघ ने 10-12 युवकों के साथ मारपीट की तथा जानलेवा हमला और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज समाज के लोगों ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया।
कोतवाली परिसर में बढ़ते हंगामे की सूचना पर महापौर विकास शर्मा और दर्जा मंत्री रामपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन समाज के लोग गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
कई घंटे चली वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को सोमवार शाम चार बजे तक का समय दिया। समाज के लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इस दौरान हाईवे जाम करने और शहर की सफाई व्यवस्था बंद करने की चेतावनी से प्रशासन के सामने स्थिति को संभालने की चुनौती बढ़ गई।
‘भाजपा नेता होने के कारण कार्रवाई में देरी’ का आरोप
कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आरोपी भाजपा नेता और उनके भाई हैं, इसलिए पुलिस गिरफ्तारी में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
‘अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’
रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधी कोई भी हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली—मुकदमा दर्ज, जांच जारी
सीओ प्रभारी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि सात अगस्त को घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर प्राप्त हुई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि काशीपुर रोड पर हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस समय सबसे पहली प्राथमिकता उसके बेहतर उपचार और स्वास्थ्य की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में वास्तविक रूप से कौन दोषी है और किसकी कितनी भूमिका है, यह पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। जांच पूरी होने से पहले किसी भी पक्ष को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर बातचीत की गई है। अब निगाह सोमवार शाम चार बजे पर टिकी है। वाल्मीकि समाज के अल्टीमेटम के बाद पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की रणनीति पर सभी की नजरें हैं।


