नैनीताल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, प्रभारी मंत्री खजान दास ने किया ध्वजारोहण

Share Now

नैनीताल। (राजतंत्र टाइम्स)। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल जिले में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री खजान दास ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रत्येक गांव और प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित में पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य कर रही है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, सड़कों को गड्ढामुक्त करने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में प्रभारी मंत्री खजान दास, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों से नैनीताल गूंज उठा।

इससे पहले भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने विद्यालय के विद्यार्थियों को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई गई।

गांधी चौक और अम्बेडकर पार्क में शहीदों को नमन

समारोह के बाद प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अम्बेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।गांधी चौक पर व्यापार मंडल की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

 पौधरोपण और स्वच्छता अभियान का भी आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मल्लीताल स्थित वोट स्टैंड से नाव रैली भी निकाली गई, जिसमें प्रभारी मंत्री सहित अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही नैनीताल में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री ने शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कमिश्नरी और विकास भवन में भी हुआ ध्वजारोहण

कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कमिश्नरी कार्यालय नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और मंडलवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया। जिले के विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरियां, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *