- 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने फहराया तिरंगा, गूंजा भारत माता का जयघोष
- देश को आगे ले जाने में हर नागरिक निभाए अपनी भूमिका, सशक्त और स्वावलंबी बने उत्तराखंड: प्रभारी मंत्री
- संवेदनशील प्रशासन और जिम्मेदार नागरिक ही बनाएंगे मजबूत राष्ट्र: जिलाधिकारी
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झूम उठा प्रेक्षागृह, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान; खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
पौड़ी गढ़वाल । (राजतंत्र टाइम्स)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ शहर से लेकर गांव तक देशभक्ति का उल्लास छाया रहा। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में देशप्रेम, राष्ट्रगौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना ने लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस का जोश भर दिया।
जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री तथा जिलाधिकारी द्वारा सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की गयी। राष्ट्रगान की गूंज के बीच पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्साह मनाया गया।

संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रभारी मंत्री द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई।
प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण कर राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारत और उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं तथा विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड पूरी मजबूती से अपनी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौड़ी वीर सैनिकों की धरती है, जहां की मिट्टी ने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उत्तराखंड के कण-कण में राष्ट्रभक्ति की भावना इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं और बच्चों को राज्य की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए नशे से दूर रहने, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए गांवों की मजबूती तथा प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए सभी को मिलकर सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। संवेदनशील, जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन ही हमारी पहचान होनी चाहिए। आमजन की समस्याओं का तत्परता से समाधान, योजनाओं और विकास कार्यों की निरंतर निगरानी तथा तकनीक और नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ हर वर्ग तक पहुंचे। युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास, खेल, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है। बच्चों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत की तस्वीर तय करेंगे, इसलिए वे लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा, खेल और अच्छे नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

नगर पालिकाध्यक्ष ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और विकसित पौड़ी के लिए जनभागीदारी का आह्वान करते हुए शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में प्राथमिक विद्यालय नगरपालिका नंबर-5 के नन्हे-मुन्ने बच्चों सहित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, जोशीले नृत्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता की गौरवशाली भावना की जीवंत झलक देखने को मिली। कभी तालियों की गड़गड़ाहट तो कभी भारत माता के जयघोष से पूरा प्रेक्षागृह गूंजता रहा। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों में जोश और उमंग भर दी तथा समारोह का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों और वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के इस भावुक क्षण में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया। अतिथियों ने कहा कि देश की आजादी के लिए दिया गया बलिदान हमारी अमूल्य विरासत है। इसे याद रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
इसके अलावा, पुलिस लाइन, विकास भवन सहित जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं संस्थान से जुड़े लोगों ने देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की। इस दौरान 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे जनपद में हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद रांसी स्टेडियम के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सभी अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। जिलाधिकारी ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और प्रतिभागियों से रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल को प्राथमिकता देने को कहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य शांति देवी, डीएफओ महातिम यादव, पवन नेगी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीएसटीओ राम सलोने, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी मेघना असवाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी करन सिंह रावत, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल किशोर रावत, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, राज्य आंदोलनकारी, पूर्व सैनिक, मीडिया प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र खंकरियाल ने किया।
सू


