भारी बारिश से क्षतिग्रस्त गंगानगर–फलाई मोटर मार्ग का अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश

Share Now

रुद्रप्रयाग। (राजतंत्र टाइम्स)। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए गंगानगर–फलाई मोटर मार्ग का शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने निरीक्षण में पाया गया कि लगातार बारिश के चलते मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आ गया है, जबकि फलाई की ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से यातायात प्रभावित हो रहा है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने संबंधित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग से मलबा हटाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए, ताकि सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं सुचारु रूप से यातायात के लिए खोला जा सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *