पीएम आवास योजना में गड़बड़ी पर प्रशासन का सख्त संदेश !, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा पूरा हक,20 अगस्त तक करें आवेदन

Share Now
  • सीडीओ दिवेश शासनी बोले—20 अगस्त तक करें आवेदन, पैसे मांगने वाले अधिकारी-कर्मचारी या बिचौलियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ हर पात्र परिवार तक पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पहुंचे, इसके लिए ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया कि योजना में आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या बिचौलिया आवेदन कराने अथवा लाभ दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार की धनराशि मांगता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीडीओ ने बताया कि जिले में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए करीब 11 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रारंभिक सूची जारी कर दी गई है। जिन पात्र लाभार्थियों का नाम सूची में शामिल नहीं है, उन्हें 20 अगस्त तक आवेदन करने का अंतिम अवसर दिया गया है, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर पात्र परिवार को पक्का आवास मिले और किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ न मिले। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक आवेदन प्रक्रिया की पारदर्शी जांच की जा रही है। अगस्त के अंतिम सप्ताह तक अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

दिवेश शासनी ने ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों की पहचान पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने जनता से भी अपील की कि किसी के बहकावे में न आएं और यदि कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *