कृषि मंत्री के निर्देश पर गांव-गांव पहुंच रहे अधिकारी, किसानों को सहायता का भरोसा
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स)प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बाद कृषि मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के क्रम में कृषि एवं उद्यान विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत क्यारकुली भट्टा, रिखोली और भीतरली में विभागीय अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण कर कृषि एवं औद्यानिक फसलों को हुई क्षति का जायजा लिया। अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना।
कृषि मंत्री के निर्देशों के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभागीय रिपोर्ट तैयार होने के बाद सरकार द्वारा नियमानुसार सहायता राशि किसानों को प्रदान की जाएगी।
इस दौरान भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, ग्राम प्रधान मीना कोटाल, भाजपा युवा मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।


