रुद्रपुर सीट पर अनिल चौहान की दावेदारी, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

Share Now

रुद्रपुर 66 विधानसभा सीट से वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौहान ने प्रेस वार्ता कर ठोकी मजबूत दावेदारी

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर रुद्रपुर 66 विधानसभा सीट पर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता, राज्य आंदोलनकारी एवं लंबे समय से संगठन और जनसेवा से जुड़े अनिल चौहान ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर रुद्रपुर विधानसभा सीट से अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

प्रेस वार्ता के दौरान अनिल चौहान ने कहा कि उनका पूरा जीवन समाज सेवा, संगठन हित और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी और पृथक राज्य की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आंदोलन के दौरान उन्हें 21 दिनों तक फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में भी रहना पड़ा, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान बनी।

उन्होंने बताया कि वह ग्राम भूरारानी से प्रधान रह चुके हैं और अपने कार्यकाल में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा सहित कई मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य किया। इसके अलावा ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने हमेशा प्रधानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया। उनके बाद उनकी माता विमला चौहान भी ग्राम प्रधान बनीं।

अनिल चौहान ने कहा कि उनके परिवार की राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि भी मजबूत रही है। उनके छोटे भाई सुशील चौहान दूसरी बार वार्ड नंबर 33 सिंह कॉलोनी से पार्षद हैं, जबकि छोटे भाई सुनील चौहान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।

उन्होंने भाजपा संगठन में निभाई गई जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और किसानों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं। सहकारी समितियों के चुनाव में भी उनकी अहम भूमिका रही है, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित कर जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनका बेहतर समन्वय है और वह व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की मांग पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है।

अनिल चौहान ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देंगे, युवाओं को रोजगार, किसानों की समस्याओं के समाधान, महिलाओं की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के हर निर्णय का सम्मान करेंगे, लेकिन कार्यकर्ताओं और जनता के समर्थन के बल पर अपनी दावेदारी मजबूती से रखते रहेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मेयर रामपाल सिंह, ठाकुर जगदीश सिंह, ज्ञान सिंह चौहान, सतपाल गंगवार, कविता सागर, हरीश मिश्रा, हीरा बाला पांडे, नीतू बत्रा, सरदार वीरेंद्र सिंह, सरदार दिलीप सिंह मक्कड़, सुनील चौहान, आदेश कुमार, सत्येंद्र शर्मा, अजय कुमार, अनिल तनेजा अजय बाधवा सुशील मोदी सुभाष तनेजा अमित योगेश वर्मा वैध दीप चंद पाण्डे रमेश थापा अशोक वैध अंकुश अग्रवाल, शुभम, सोनू दिवाकर, नंदकिशोर, योगेंद्र सिंह, राजीव सिंह, शिवकुमार सब्बू सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *