चम्पावत न्यूज़।उत्तराखंड समाचार
(Rajtantra Times)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद चम्पावत के विकासखंड पाटी अंतर्गत ग्राम पंचायत गोशनी में गोशनी से ओली गांव तक एक किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया गया।
यह सड़क ग्रामीणों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति देगी। परियोजना की कुल लागत 69.46 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें मनरेगा मद से 34.73 लाख रुपये तथा ‘मेरा गांव, मेरी सड़क’ (एमजीएमएस) योजना के अंतर्गत 34.73 लाख रुपये की धनराशि सम्मिलित है। सड़क निर्माण कार्य का क्रियान्वयन विकासखंड पाटी द्वारा किया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर भी उपलब्ध होंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में ग्रामीण कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान होता है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होती है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

