भूकंप से पहले ‘भूदेव’ देगा चेतावनी, उत्तराखंड में आपदा सुरक्षा को लेकर प्रशासन की बड़ी अपील

Share Now

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा से पहले तैयारी और जन-जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण उधमसिंह नगर के उमाशंकर नेगी ने महत्वपूर्ण पहल की है। प्राधिकरण ने जिले के नागरिकों से ‘भूदेव (Bhudev) मोबाइल ऐप’ अपने मोबाइल फोन में अनिवार्य रूप से इंस्टॉल करने की अपील की है। यह ऐप उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण (USDMA) और आईआईटी रूड़की द्वारा भूकंप की पूर्व चेतावनी के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

भूकंप से पहले मिल सकती है अहम चेतावनी

प्राधिकरण के अनुसार, भूदेव ऐप भूकंप आने से पहले उपलब्ध समय के अनुसार पूर्व चेतावनी/अलर्ट देने में सहायक है। ऐसे में भूकंप के झटके महसूस होने से पहले मिलने वाला अलर्ट लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने, आवश्यक सावधानी बरतने और अपने परिवार के सदस्यों को सतर्क करने के लिए महत्वपूर्ण समय उपलब्ध करा सकता है।

जनता से प्रशासन की सीधी अपील

जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण उमाशंकर नेगी ने उधमसिंह नगर की जनता से अपील की है कि हर नागरिक अपने मोबाइल में भूदेव ऐप इंस्टॉल करे और कम से कम अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य तक इसकी जानकारी पहुंचाए। इसके साथ ही मित्रों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों को भी ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में अधिक से अधिक लोग समय रहते सतर्क हो सकें।

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में जरूरी है पूर्व तैयारी

उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और भूकंप के जोखिम को देखते हुए आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी का विशेष महत्व है। भूकंप जैसी आपदा कब और किस रूप में आएगी, इसका सटीक अनुमान लगाना संभव नहीं है, लेकिन पूर्व चेतावनी, जागरूकता और तैयारी से जोखिम को कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से भूदेव ऐप को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

आपदा से बचाव में जागरूक नागरिक बनें

प्राधिकरण ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। समय पर मिलने वाली चेतावनी का सही उपयोग कर कई बार जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। इसलिए नागरिक स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें।

जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और आपदा से पहले तैयारी करें। भूकंप जैसी आपदा के समय जागरूकता ही सुरक्षा की पहली मजबूत कड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *