- जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, भू-माफियाओं से जान का खतरा बताते हुए राज्यपाल के नाम भेजा पत्र
रूद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स) । रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा को अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर श्री ब्राह्मण महासभा जन कल्याण सेवा समिति ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महापौर की जानमाल को खतरा बताते हुए शासन प्रशासन से तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ब्राह्मण महासभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि महापौर विकास शर्मा लगातार रूद्रपुर शहर के विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। विशेष रूप से शहर में सड़क चौड़ीकरण और सरकारी एवं नजूल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ भू माफिया और अतिक्रमणकारी तत्व महापौर की कार्यशैली से नाराज हैं और इसी कारण उनके प्रति रंजिश रख रहे हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि रूद्रपुर शहर की सैकड़ों एकड़ नजूल भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे किए गए हैं, जिन्हें हटाने के लिए महापौर विकास शर्मा द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों की ओर से महापौर को जानमाल का खतरा उत्पन्न हो गया है। संगठन ने प्रशासन से महापौर की सुरक्षा को गंभीरता से लेने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से पहले आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
ज्ञापन में कहा गया कि महापौर विकास शर्मा शहर के चौमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
श्री ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिलाधिकारी से मांग की कि महापौर को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि वह निर्भीक होकर जनहित और विकास कार्यों को आगे बढ़ा सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन देने वालों में मुकेश वशिष्ठ, पं. देवेन्द्र चतुर्वेदी, पं. इन्द्रेश शर्मा, पं. ललित शर्मा, पं. नरेश उप्रेती, राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, सुनील शर्मा, पं. विश्वनाथ शर्मा, पं. धीरू त्रिपाठी, पं. यशपाल शर्मा, पं. समीर गौड़, संजीव शर्मा और चेतन शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


