खेत में उतरे सीडीओ दिवेश शाशनी, खुद धान काटकर परखी फसल की उत्पादकता

  •  कच्ची खमरिया में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण, 43.52 वर्गमीटर के प्लॉट में 30.400 किलोग्राम धान की उपज दर्ज

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। जनपद ऊधमसिंह नगर में धान की उत्पादकता का आकलन करने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी खेत में पहुंचे। उन्होंने रुद्रपुर तहसील के राजस्व ग्राम कच्ची खमरिया में किसान जमील अहमद के खेत में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया और स्वयं धान काटकर प्रयोग का शुभारंभ किया।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों की उपज का अनुमान लगाने के उद्देश्य से यह प्रयोग किया गया।

खेत में उतरे सीडीओ दिवेश शाशनी, खुद धान काटकर परखी फसल की उत्पादकता

निर्धारित 43.52 वर्गमीटर के त्रिभुजाकार प्लॉट में 30.400 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि फसल कटाई प्रयोग के माध्यम से प्राप्त आंकड़े फसलों की उत्पादकता का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनपद, प्रदेश और देश में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसलों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर फसल बीमा और खाद्य नीति के निर्धारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में सहायता मिलती है।उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोग के आंकड़े कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति समझने और कृषि संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपयोगी हैं।इस दौरान मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक भूलेख अधिकारी मदन बिष्ट, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व उपनिरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।