रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 31 जुलाई को ऊधम सिंह नगर जनपद के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह देहरादून से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 12:20 बजे नवीन मंडी, गदरपुर पहुंचेंगे।
गदरपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कांबोज धर्मशाला में शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके उपरांत वह एनडीआरएफ के जवानों से भेंट एवं संवाद करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री नवनिर्मित गदरपुर बस अड्डा और खंड विकास भवन कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री किच्छा हाईवे स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन से रामपुर के बिलासपुर होते हुए रामपुर-नैनीताल हाईवे स्थित सिडकुल तक नवनिर्मित रिंग रोड का निरीक्षण करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 4:00 बजे रुद्रपुर स्थित कलक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे, जहां वह शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।


