देहरादून।(राजतंत्र टाइम्स)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर देहरादून के हिमालय सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के किसानों के लिए जारी की गई किस्त का वर्चुअल प्रसारण देखा।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के किसानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि किसानों के सम्मान, समृद्धि और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस किस्त के तहत उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 159 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में योजना शुरू होने के समय उत्तराखंड में करीब 4 लाख किसान इससे जुड़े थे, जो अब बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गए हैं। यह दर्शाता है कि सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ किसानों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि के आधार स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में नहरों से सिंचाई को निशुल्क करने का निर्णय लिया गया है। आधुनिक पॉलीहाउस, नई कृषि नीतियों और क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव फार्मिंग जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कृषि एवं बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सेब, कीवी, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। साथ ही “हाउस ऑफ हिमालयाज” के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।


