पंतनगर विश्वविद्यालय कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कुलपति से मिले पूर्व विधायक राजेश शुक्ला

Share Now

पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स) पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों एवं ठेका कर्मियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व विधायक एवं विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद सदस्य राजेश शुक्ला ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने श्रम आयुक्त, उत्तराखंड शासन के आदेशानुसार दैनिक वेतनभोगी ठेका मजदूरों एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ शीघ्र दिए जाने तथा 1 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि का एरियर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही वर्ष 2003 से पूर्व के ठेका कर्मचारियों को विश्वविद्यालय कर्मचारी का दर्जा देने संबंधी लंबित मांग, सभी कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड सुविधा लागू करने तथा रिसर्च सेंटरों में कार्यरत ठेका कर्मियों को पूर्ण 26 कार्य दिवस उपलब्ध कराने सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, वैज्ञानिक, कर्मचारी, श्रमिक एवं ठेका मजदूर संस्थान की रीढ़ हैं। उनके हितों की रक्षा एवं समस्याओं का समयबद्ध समाधान विश्वविद्यालय की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप ने पूर्व विधायक एवं प्रबंध परिषद सदस्य राजेश शुक्ला को आश्वस्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर एवं संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर सकारात्मक पहल की जाएगी तथा श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य का योगदान संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण है और सभी के सहयोग एवं समन्वय से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *