भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट,अस्पतालों में 24 घंटे संचालित होंगे ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’, सीएमओ ने जारी किए सख्त निर्देश

Share Now
  • भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट,अस्पतालों में 24 घंटे संचालित होंगे ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’, सीएमओ ने जारी किए सख्त निर्देश

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने वर्चुअल माध्यम से जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों — जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अस्पतालों में स्थापित ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’ का संचालन 24 घंटे किया जाए। इन वार्डों में एसी, कूलर और पंखों की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि मरीजों को तत्काल राहत मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाइयों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। सभी चिकित्सा केंद्रों पर रिंगर लैक्टेट, अन्य आवश्यक IV फ्लूइड्स, ओआरएस घोल और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। ब्लॉक प्रभारियों से कहा गया है कि आशा कार्यकर्ताओं को हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण पहचानने और प्राथमिक उपचार देने के लिए प्रशिक्षित किया जाए।

सीएमओ ने अस्पतालों के वेटिंग एरिया में मरीजों और तीमारदारों के लिए एसी/कूलर चालू रखने तथा शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त बैठक में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं गैर संचारी रोग कार्यक्रम की भी विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *