भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर 18 जुलाई को  सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Share Now

चम्पावत।(राजतंत्र टाइम्स)। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को जनपद चम्पावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी  मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के हित में 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को जनपद चम्पावत के अंतर्गत संचालित कक्षा 1 से 12 तक के समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, चम्पावत एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, चम्पावत को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना अथवा किसी प्रकार के विचलन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क एवं सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *