विश्वविद्यालय में ‘हरित यज्ञ’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

Share Now

पंतनगर।(राजतंत्र टाइम्स)। हरेला पर्व के शुभ अवसर पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने विश्वविद्यालय के शिवाजी पार्क में वृक्षारोपण प्रारम्भ कर सभी महाविद्यालयों एवं रुद्राक्ष भवन में वृक्षारोपण कर ‘हरित यज्ञ’ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। विश्वविद्यालय का यह विशेष अभियान 16 से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में वृक्षारोपण करेंगे।


इस अवसर पर कुलपति प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने धरती माता को समर्पित श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि धरती माता निस्वार्थ भाव से हमें जीवन, अन्न, जल एवं प्राकृतिक संसाधन प्रदान करती हैं। उनके त्याग और समर्पण की भावना से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वृक्षों की संख्या लगातार घट रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है और धरती माता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही हैं। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान एवं प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण जैसी समस्याओं से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौधों का संरक्षण समय की आवश्यकता है।
कुलपति ने सभी से आह्वान किया कि अभियान के दौरान प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प है।
विश्वविद्यालय का ‘हरित यज्ञ’ कार्यक्रम 31 जुलाई तक विभिन्न महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं विश्वविद्यालय परिसर के अन्य स्थानों पर निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। ग्रीन अर्थ मिशन के प्रतिनिधियों ने कुलपति जी को शिवाजी पार्क में वृक्षारोपण की शुरुआत कर हरेला पर्व के शुभ अवसर 16 से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाली ‘हरित यज्ञ’ की शुरुआत की। वृक्षारोपण कार्यक्रम में कुलसचिव, अधिष्ठाता, निदेशक संचार एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *