हरेला पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का हरित संदेश, न्यायालय परिसर में हुआ पौधरोपण

Share Now

सिविल जजों और पीएलवी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिक से अधिक पौधे लगाने का किया आह्वान

बाजपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं जिला सीनियर सिविल जज ममता पंत के निर्देश पर नियुक्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) ने हरेला पर्व उत्साहपूर्वक मनाते हुए वृक्षारोपण कर हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।

इसी क्रम में दीवानी न्यायालय बाजपुर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल जज जस्मीत कौर एवं अपर सिविल जज परितोष ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और उपस्थित लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

सिविल जजों ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और हरियाली के संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी देखभाल और संरक्षण का दायित्व भी निभाना होगा। उन्होंने सभी से हरेला पर्व पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

चैबर नंबर-17 की ब्रजबाला शर्मा, शिवानी और गीता शर्मा ने कहा कि हरेला उत्तराखंड का प्रमुख लोकपर्व है, जो मानसून के आगमन और कृषि चक्र की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। सावन के आरंभ पर मनाए जाने वाले इस पर्व में दस दिन पहले बोए गए हरेला की पूजा कर बड़ों का आशीर्वाद लिया जाता है तथा बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया जाता है।

इस अवसर पर विजय कुमार पाण्डे, ओम चौहान, राजू, राकेश, जगदीश जोशी सहित न्यायालय परिसर के कर्मचारी, पीएलवी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *