देहरादून/रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। उत्तराखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के प्रमुख राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और चिकित्सा शिक्षा निदेशक के पद पर नई तैनातियां की हैं। सोमवार देर शाम जारी आदेशों के तहत छह वरिष्ठ चिकित्सकों के तबादले और प्रभार परिवर्तन किए गए हैं।
फेरबदल के तहत डॉ. चन्द्रप्रकाश (सीपी) भैंसौड़ा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में नए नेतृत्व से शैक्षणिक, चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
शासन के आदेश के अनुसार डॉ. अजय कुमार आर्य को चिकित्सा शिक्षा निदेशक के प्रभार से मुक्त कर राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी का प्राचार्य बनाया गया है। वहीं डॉ. आशुतोष सयाना को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पद से स्थानांतरित कर चिकित्सा शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में डॉ. चन्द्र मोहन सिंह रावत को हरिद्वार मेडिकल कॉलेज से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। डॉ. जी.एस. तितियाल को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बनाया गया है, जबकि डॉ. पंकज सिंह को हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्रशासनिक दक्षता, शैक्षणिक गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


