रुद्रपुर मेडिकल आ में 2027-28 से शुरू होगा एमबीबीएस का सत्र, 100 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू होगा शैक्षणिक सत्र,महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जताया आभार

रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)।  मुख्यमंत्री श्पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि के विकास और चिकित्सा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए रुद्रपुर शहर को एक और बड़ी सौगात दी है। रुद्रपुर के बहुप्रतीक्षित ‘पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज’ में वर्ष 2027-28 के शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश और पठन-पाठन कार्य शुरू होने जा रहा है। इसी सत्र से इस नए मेडिकल कॉलेज का संचालन पूरी तरह से आरंभ हो जाएगा। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) को भी इस संबंध में औपचारिक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।महापौर विकास शर्मा ने इस महत्वपूर्ण सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार प्रकट किया है। महापौर ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज पिछले लंबे समय से लंबित चल रहा था, जिसके लिए मुख्यमंत्री श्री धामी ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए लगातार वित्तीय स्वीकृति और फंड जारी करने के कार्य किए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस मेडिकल कॉलेज को अतिशीघ्र धरातल पर उतारने के सख्त निर्देश दिए थे।महापौर विकास शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा भी समय-समय पर इस मेडिकल कॉलेज परिसर का भ्रमण किया गया तथा वहां के प्राचार्य से लगातार संवाद बनाए रखा गया। यह हम सभी का संयुक्त और निरंतर प्रयास रहा है कि रुद्रपुर में जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो सके।महापौर ने कहा कि भगवान महादेव के नाम से प्रसिद्ध इस पावन नगरी रुद्रपुर में यह पहला मेडिकल कॉलेज स्थापित होने जा रहा है, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में रुद्रपुर का नाम एक नए गौरव के साथ जुड़ गया है।इस मेडिकल कॉलेज के खुलने से न केवल रुद्रपुर शहर और स्थानीय क्षेत्र, बल्कि पूरे कुमाऊं मंडल, उत्तराखंड के दूरदराज के क्षेत्रों तथा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से आने वाली एक बहुत बड़ी आबादी को उच्च कोटि की चिकित्सा शिक्षा और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।महापौर ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुनः आभार जताते हुए रुद्रपुर की जनता, क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।