मसूरी में विकास कार्यों पर मंत्री गणेश जोशी सख्त, समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे करने के निर्देश
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों के शीघ्र इस्टीमेट तैयार करने को कहा। उन्होंने ब्रजलोक कॉलोनी, दून विहार, गल्जवाड़ी इंद्रानगर, जैंतनवाला, चंद्रोटी, गुनियाल गांव और गजियावाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में जल निकासी, सुरक्षा दीवार, आरसीसी पाइप और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को शासन से शीघ्र स्वीकृति दिलाकर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन कार्यों को शासन स्तर से मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें तत्काल शुरू करने को कहा।
बैठक में प्रस्तावित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संतला देवी क्षेत्र में प्रस्तावित झील निर्माण परियोजना से संबंधित कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी करने और समय पर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शासन स्तर पर लंबित प्रस्तावों की स्वीकृति के लिए लगातार फॉलोअप किया जाए, ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के तय समय सीमा में पूरे किए जा सकें।
बैठक में पार्षद भूपेंद्र कठैत, प्रमुख अभियंता सिंचाई सुभाष चंद्र, मुख्य अभियंता शंकर कुमार साहा, अधीक्षण अभियंता संजय राज, अधिशासी अभियंता दीक्षांत, अधिशासी अभियंता पुरुषोत्तम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


