मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी की पहल: मां पूर्णागिरि धाम हेली सेवा से जुड़ेगा, चुका क्षेत्र में बन रहा आधुनिक हेलीपैड

Share Now

 

चम्पावत। (राजतंत्र टाइम्स)  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मां पूर्णागिरि धाम को हेली सेवा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जनपद के चुका क्षेत्र में लधिया नदी के किनारे आधुनिक हेलीपैड का निर्माण कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग, चम्पावत के अधिशासी अभियंता एम सी पलाड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 1.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे इस हेलीपैड में एक साथ तीन हेलीकॉप्टर उतरने की क्षमता होगी। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय संपर्क और आपातकालीन सेवाओं की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हेलीपैड निर्माण से मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं त्वरित यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, नेपाल सीमा एवं एनएचपीसी क्षेत्र के निकट स्थित इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री श्री धामी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप चुका क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन एवं पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों को भी इस परियोजना से नई गति मिलेगी।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य अप्रैल माह से प्रारंभ हो चुका है साथ ही कार्य का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है तथा विभाग द्वारा इसे सितंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *