जाखन में गिरी पार्क की दीवार, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लिया जायजा; पुनर्निर्माण के दिए निर्देश

Share Now

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज जाखन क्षेत्र पहुंचकर बारिश एवं आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुई पार्क की दीवार का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार से नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभाग के सहायक अभियंता (एई) एवं कनिष्ठ अभियंता (जेई) को निर्माण कार्यों के दौरान नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हो सकें।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनता की सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

इस अवसर पर संजय नौटियाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *