- प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन
रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत की प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्ययोजना और विभिन्न आयामों को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से युवा कार्यकर्ता रजत दीक्षित को स्वदेशी जागरण मंच, जनपद ऊधम सिंह नगर का जिला संयोजक घोषित किया गया।नव नियुक्त जिला संयोजक की घोषणा स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत समन्वयक पदम शर्मा एवं प्रांत पूर्णकालिक सुशील ने की। इस अवसर पर पदम शर्मा ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच देश में स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भर भारत, भारतीय उद्योगों और स्थानीय उत्पादों के संरक्षण तथा आर्थिक राष्ट्रवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि रजत दीक्षित युवा ऊर्जा और सक्रियता के साथ संगठन को जनपद में नई दिशा देने का कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दीक्षित पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।
महिला आयाम को मजबूत करने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत सह महिला प्रमुख श्वेता तिवारी ने कहा कि संगठन के महिला आयाम को भी शीघ्र सशक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही महिला संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा कर नई टीम का गठन किया जाएगा।
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर रहेगा जोर
नवनियुक्त जिला संयोजक रजत दीक्षित ने संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी के लिए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह स्वदेशी जागरण मंच की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रांत समन्वयक पदम शर्मा, प्रांत सह महिला प्रमुख श्वेता तिवारी, प्रांत पूर्णकालिक सुशील, प्रांत सह संपर्क प्रमुख सुनील सिंह, कुमाऊं संभाग प्रमुख सत्यवीर सिंह,संभाग प्रमुख रेनू जुनेजा, महानगर संपर्क प्रमुख इंद्रेश मिश्रा,जिला विचार विभाग प्रमुख,डॉ. राहुल भारद्वाज, जिला पूर्णकालिक विशाल जी,सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. राहुल भारद्वाज ने किया।
