उधम सिंह नगर संभागीय परिवहन कार्यालय में आयोजित समारोह में अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सम्मानित
रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। परिवहन विभाग में सचल दल सुतैया-पुलभट्टा में तैनात परिवहन कर अधिकारी विमल उप्रेती के सेवानिवृत्ति अवसर पर संभागीय परिवहन कार्यालय, उधम सिंह नगर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

सेवानिवृत्ति समारोह में परिवहन कर अधिकारी विमल उप्रेती को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते परिवहन विभाग के अधिकारी।
समारोह में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन हल्द्वानी संभाग गुरुदेव सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन हल्द्वानी विपिन कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन काशीपुर संदीप वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन रुद्रपुर मोहित कोठारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रुद्रपुर नवीन कुमार सिंह तथा परिवहन कर अधिकारी टनकपुर प्रमोद चौधरी सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विमल उप्रेती को उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं देते हुए पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल, कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति समर्पण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और दक्षता के साथ किया।
वक्ताओं ने कहा कि उप्रेती का शांत स्वभाव, कार्यकुशलता और सहयोगात्मक दृष्टिकोण विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनके अनुभव और योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
अपने संबोधन में श्री विमल उप्रेती ने विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवहन विभाग में बिताया गया सेवाकाल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने सभी सहयोगियों के स्नेह और सहयोग को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए विभाग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


