रुद्रपुर गैंगरेप कांड: पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

Share Now

रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीन आरोपितों को 27 जुलाई की देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने के साथ पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु, निवासी ग्राम कलकत्ती थाना गदरपुर, जोगा सिंह और रविंदर, दोनों निवासी ग्राम अज्जूवाला थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों गैंगरेप प्रकरण में वांछित थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के बाद एसएसपी स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की।गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *