- मुख्यमंत्री बोले – तथ्यों के आधार पर होगी न्यायोचित कार्यवाही, पत्रकार को मिलेगा न्याय
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने अपने परिवार सहित शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने अपने प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और पूरे मामले की जानकारी विस्तार से साझा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्यवाही की जाएगी तथा वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून के शासन और पारदर्शिता के सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर मामले में निष्पक्ष जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पत्रकारिता जगत में लंबे समय से सक्रिय हेम भट्ट के मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा चल रही थी। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं मामले को सुनना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देना महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।


