सीएम धामी ने बोर्ड टॉपर्स से की बात, दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
हाईस्कूल और इंटर के मेधावियों से फोन पर संवाद, मेहनत और अनुशासन को बताया सफलता की कुंजी
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा के योगेश जोशी से फोन पर बातचीत कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी क्रम में उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर हरिद्वार की वंशिका से भी संवाद कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस मुकाम तक पहुंचते हैं।उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और राज्य व देश के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और मेधावी विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

