आवारा पशुओं को गौशाला भेजने के लिए शुरू हुआ विशेष अभियान,महापौर स्वयं उतरे सड़कों पर , 15 गौवंशीय पशु गोशाला भेजे

Share Now
  • सड़कों पर पशुओं को छोड़ने वाले पशुपालकों का होगा चालान,अतिक्रमण का भी लिया संज्ञान, नोटिस की कार्रवाई

रुद्रपुर । (राजतंत्र टाइम्स)। रुद्रपुर शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा गौवंशीय पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान की कमान स्वयं महापौर विकास शर्मा ने संभाली और नगर निगम की टीम के साथ निरीक्षण कर सड़कों पर घूम रहे 15 गौवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया। इस दौरान कार्रवाई का विरोध करने वाले एक पशुपालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं आवास विकास क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और बदहाल पार्कों पर भी महापौर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सोमवार सुबह महापौर विकास शर्मा नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वार्ड संख्या 11 संजय नगर खेड़ा तथा वार्ड संख्या 38 आवास विकास क्षेत्र में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गौवंशीय पशु मुख्य सड़कों पर विचरण करते मिले। नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 पशुओं को पकड़कर नगर निगम की गोशाला भेज दिया। अभियान के दौरान एक पशुपालक अपनी गाय को गोशाला भेजे जाने का विरोध करने लगा और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीम ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने आवास विकास क्षेत्र में सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का भी जायजा लिया। कई स्थानों पर फुटपाथ और सड़क तक फैले अतिक्रमण को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कें आम लोगों के आवागमन के लिए हैं, उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान भी लगातार जारी रहेगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर की सड़कों पर खुले घूमने वाले पशु लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। पूर्व में कई लोग ऐसे हादसों में घायल हो चुके हैं और कई मामलों में जानमाल का नुकसान भी हुआ है। नगर निगम इस समस्या को लेकर गंभीर है और अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पशुपालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने पशुओं को सड़कों पर छोड़ना गैर जिम्मेदाराना कृत्य है। यदि कोई पशु आवारा अवस्था में सड़क पर मिला तो उसे तत्काल गोशाला भेजा जाएगा और संबंधित पशुपालक के विरुद्ध चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

महापौर ने बताया कि नगर निगम ने आवारा गौवंश के संरक्षण के लिए गोशाला में पर्याप्त व्यवस्था की है। वहां पशुओं के लिए चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है ताकि उन्हें बेहतर देखभाल मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना और शहर को दुर्घटनामुक्त बनाना भी है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने आवास विकास क्षेत्र के कई पार्कों की बदहाल स्थिति भी देखी। उन्होंने पार्कों में फैली गंदगी और रखरखाव की कमी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पार्कों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

आवास विकास के पार्षद राजेश जग्गा ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग आवारा पशुओं की समस्या से परेशान थे। सड़कों पर पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन का वातावरण मिलेगा।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा जी, निगम वाहन प्रभारी गौतम सिंह जी, बंटी,अभिषेक, दीपक राठौर, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, वार्ड सुपरवाइजर ज्ञान सिंह, रोहित, आदि उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *