17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, बूथ स्तर पर परिवारों से सीधा संपर्क करेंगे कार्यकर्ता

‘आशीर्वाद का दीप’ और ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनभागीदारी पर रहेगा जोर

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। एक माह तक चलने वाले इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक परिवारों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को इससे जोड़ने की तैयारी की गई है। अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय रुद्रपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के स्वागत संबोधन, दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजेश तिवारी ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि संगठन की मंशा अभियान को केवल जिला और मंडल स्तर के कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक बूथ और परिवार तक पहुंचाने की है।

कार्यशाला में ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि इसके तहत कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क करेंगे और परिवारों को दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति आभार के साथ ही ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा। पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचकर इस कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने की जिम्मेदारी दी गई।

अभियान का दूसरा प्रमुख कार्यक्रम ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ होगा। इसके माध्यम से सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालयों में ड्राइंग, भाषण सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से बच्चों को देश के भविष्य को लेकर अपने विचार, आकांक्षाएं और सपने व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से भी परिचित कराया जाएगा।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं जिला नैनीताल प्रभारी विवेक सक्सेना ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ की वास्तविक सफलता बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनभागीदारी पर निर्भर करेगी। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभियान को संगठनात्मक कार्यक्रम भर न मानकर इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को परिवारों के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना होगा, ताकि ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

सक्सेना ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार या किसी एक संगठन का लक्ष्य नहीं है, बल्कि इसे देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प बनाना होगा। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और प्रत्येक गतिविधि की जानकारी समयबद्ध तरीके से संगठन तक पहुंचाने को कहा।

जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को धरातल पर उतारें और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यशाला में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक रमेश जोशी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्या, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, मोहिनी पोखरियाल, मनजीत सिंह नामधारी, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश सिंह, मीना शर्मा, वेद ठुकराल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम सह संयोजक नीता सक्सेना, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम सह संयोजक विपिन सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, हारून मलिक, प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, स्वाति शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, ममता त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल एवं मयंक तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।