रुद्रपुर न्यूज | उत्तराखंड
(Rajtantra Times)
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद से सामने आए कथित राजनीतिक हमले का सच अब एक बड़े फर्जीवाड़े के रूप में उजागर हो गया है। रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 39 से कांग्रेस पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुआ कथित जानलेवा हमला दरअसल खुद की रची गई साजिश निकला। इस खुलासे ने न सिर्फ जिले की राजनीति को झकझोर दिया, बल्कि सबसे बड़ा आघात पूर्व कैबिनेट मंत्री व किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ को लगा, जो इस पूरे मामले के सामने आने के बाद पूरी तरह टूटते नजर आए।आवास विकास स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विधायक बेहड़ ने बेहद भावुक स्वर में कहा “इस घटना ने मुझे, मेरी पार्टी और पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है। मैं पार्टी और समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगता हूं। जब अपना ही सिक्का खोटा निकल जाए तो इंसान क्या कर सकता है।”
हमले के बाद जिस तरह से राजनीतिक माहौल बनाया गया, दबाव की राजनीति चली अब वह सब गंभीर सवालों के घेरे में है।
क्या यह सहानुभूति बटोरने की साजिश थी? क्या पुलिस और प्रशासन को गुमराह किया गया? इन सवालों ने पूरे मामले को एक फर्जी हमले के बड़े एक्सपोज़ में बदल दिया है। सबसे चौंकाने वाला बयान देते हुए विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि वे अपने बेटे सौरभ से सभी प्रकार के संबंध समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस घटना से उनकी वर्षों की राजनीतिक और सामाजिक साख को गहरा आघात पहुंचा है।
प्रेस से बात करते समय विधायक बेहड़ खुद को संभाल नहीं पाए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया।
पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुआ ‘जानलेवा हमला’ निकला खुद की रची साजिश,बेटे की साजिश ने तोड़ दिया विधायक बेहड़ को, आंखों से छलके आंसू
