फिट उत्तराखण्ड’ के संकल्प को मिली नई ताकत, CM धामी ने किया स्वास्थ्य पत्रिका का विमोचन

Share Now

 

  • स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की असली कुंजी” — सचिवालय फिटनेस क्लब की पहल की मुख्यमंत्री ने की सराहना

देहरादून।(राजतंत्र टाइम्स) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब की द्विवार्षिक पत्रिका “एक संकल्प : सभी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए” का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन बेहतर कार्यक्षमता तथा सकारात्मक जीवन के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, दौड़, खेल गतिविधियां और अनुशासित दिनचर्या व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं।

उन्होंने कहा कि सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब कर्मचारियों और समाज के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसी पहलें केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करती हैं।

मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को भविष्य में भी इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ कार्य जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।

द्विवार्षिक पत्रिका में वर्षभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों और आयोजनों को शामिल किया गया है। इनमें स्वास्थ्य के लिए दौड़, सचिवालय वार्षिक प्रतियोगिता, अंतर विभागीय प्रतियोगिताएं, स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ 15 किलोमीटर दौड़, गणतंत्र दिवस पर 26 किलोमीटर दौड़ तथा नमामि गंगे अभियान के तहत देहरादून से हरिद्वार तक आयोजित अखंड रिले दौड़ के जरिए गंगा स्वच्छता जनजागरूकता अभियान जैसी गतिविधियां प्रमुख रूप से शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *