रुद्रपुर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर व्यापार मंडल ने जताया रोष

Share Now

रुद्रपुर।(राजतंत्र टाइम्स)रुद्रपुर मे गत रात्रि मटके वाली गली स्थित चार शोरूमों में हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर शहर में लगातार चोरी, झगड़े, मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे व्यापारियों एवं आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।

जुनेजा ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में न तो मुकदमा दर्ज किया जाता है और न ही घटनाओं का खुलासा हो पाता है। इससे अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र सहित आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र में रात्रि के समय पुलिस पेट्रोलिंग लगभग न के बराबर है। चौकियों में पुलिस कर्मचारियों की संख्या भी बेहद कम है, जिसके चलते अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। व्यापार मंडल द्वारा कई बार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पुलिस फोर्स बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि दिन के समय भी पुलिस सड़क पर दिखाई नहीं देती, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया और शहर की कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो व्यापार मंडल पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *