रुद्रपुर में बनेगा अत्याधुनिक बंग भवन, बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी

Share Now

 

रुद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम ने तेजी से कवायद शुरू कर दी है। बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए बंग भवन के लिए नया स्थान चिन्हित कर लिया गया है। महापौर विकास शर्मा ने विधायक शिव अरोरा, प्रशासनिक अधिकारियों और बंगाली समाज के प्रतिनिधियों के साथ आज स्थलीय निरीक्षण कर स्थल का चयन किया और अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। बाईपास रोड स्थित एके ऑटोमोबाइल के सामने उस भवन का निरीक्षण किया। जहां पूर्व में कोषागार कार्यालय संचालित होता था। यह भवन वर्तमान में जर्जर स्थिति में है। विस्तृत निरीक्षण और विचार विमर्श के बाद सर्वसम्मति से इस स्थान को बंग भवन के लिए उपयुक्त माना गया और इसे अंतिम रूप से चिन्हित कर लिया गया।महापौर विकास शर्मा ने बताया कि लगभग 1400 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बने पुराने भवन को ध्वस्त कर यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित भवन में बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था के साथ सामुदायिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और बैठकों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके। कहा कि यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक एकता को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बंग भवन बंगाली समाज के लिए ऐतिहासिक सौगात साबित होगा, जहां उनकी सांस्कृतिक गतिविधियों को एक सशक्त मंच मिलेगा। आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *