- ऊंचाई पर बिगड़ी तबीयत, देवदूत बनी उत्तराखंड पुलिस
- केदारनाथ धाम में सेवा का जज्बा, पुलिस की तत्परता से बची जान
- ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ी हालत, पुलिस की सूझबूझ से मिली नई जिंदगी
- चारधाम यात्रा में राहत, पुलिस जवानों ने दिखाया मानवता का चेहरा
रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स) पवित्र केदारनाथ धाम में एक बार फिर इंसानियत की मिसाल देखने को मिली बाबा केदारनाथ धाम की नगरी में ‘अतिथि देवो भव:’ और सेवा के संकल्प को चरितार्थ करते हुए उत्तराखंड पुलिस के जवानों ने एक बार फिर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। मिली जानकारी के अनुसार, कल देर शाम केदारनाथ धाम में दर्शन हेतु आए एक श्रद्धालु को अचानक सांस लेने में गंभीर समस्या होने लगी।
अत्यधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी की स्थिति बिगड़ने लगी थी। मानवता के इस संकटपूर्ण समय में ड्यूटी पर तैनात सतर्क पुलिस कार्मिक आशीष और भारती जोशी तत्काल मदद के लिए आगे आए। जवानों ने बिना समय गंवाए पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से श्रद्धालु को ऑक्सीजन दी। साथ ही, शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए उनके हाथ-पैर की मालिश की और आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान किया। पुलिस कर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालु की स्थिति में सुधार हुआ।तत्पश्चात, पुलिस टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। वर्तमान में श्रद्धालु की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।उत्तराखंड पुलिस चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुगम दर्शन के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। यात्रियों ने पुलिस के इस सेवा भाव और तत्परता की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।

