पंतनगर। (राजतंत्र टाइम्स)। जी बी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि (Chief Guest) न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) रहे। विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) के रूप में न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, प्रशासनिक न्यायाधीश, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय तथा विशेष अतिथि (Special Guest) के रूप में न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायाधीश, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्रदीप मनी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों ने सहभागिता कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान केवीएस प्रीमियर फाउंडेशन द्वारा दानस्वरूप उपलब्ध कराई गई 15 साइकिलों का पात्र लाभार्थियों को वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त 5 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। सार्थक फ्यूचर फाउंडेशन द्वारा एस.टी.एम. स्कूल, बाजपुर को एक कम्प्यूटर एवं एक प्रिंटर भेंट किया गया। वहीं न्याय दर्पण सोशल जस्टिस एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को 50 स्टडी टेबल दानस्वरूप वितरित की गईं। साथ ही श्रवण एवं वाणी बाधित 8 बच्चों का चयन कर उन्हें आवश्यक श्रवण यंत्र (हियरिंग मशीन) उपलब्ध कराए गए।
शिविर में 10 श्रमिकों को लेबर किट, 11 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 2 शिशुओं का अन्नप्राशन (प्रथम आहार संस्कार) सम्पन्न कराया गया। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को डेटॉल हाइजीन किट वितरित की गई तथा नेस्ले इंडिया के सहयोग से बच्चों को पोषण किट भी प्रदान की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लगाए गए विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता स्टॉल पर पैरालीगल वालंटियर्स (PLVs) ने आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार तथा विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लाभान्वित व्यक्तियों का विवरण इस प्रकार रहा— पंचायती राज विभाग (20), होम्योपैथिक विभाग (77), राजस्व विभाग (20), नारी शक्ति विभाग (12), विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर (11), उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन/विद्युत वितरण एवं शिक्षा विभाग (30), नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग (80), मत्स्य विभाग (6), पशुपालन विभाग (67), समाज कल्याण विभाग (65), विद्यालय शिक्षा विभाग (30), जनजाति कल्याण विभाग (7), गन्ना विकास विभाग (15), आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 27 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया तथा 115 नए आयुष्मान कार्ड पंजीकृत किए गए। इसके अतिरिक्त उपकारागार हल्द्वानी, जिला नैनीताल द्वारा भी स्टॉल लगाकर बंदियों के पुनर्वास एवं विधिक सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की गई। अन्य विभागों द्वारा भी अनेक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल तथा माननीय न्यायमूर्ति आलोक मेहरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित जनसमुदाय से अधिकाधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
बहुउद्देशीय शिविर का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आमजन तक पहुँचाना, पात्र लाभार्थियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना, विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं पैरालीगल वालंटियर्स के समन्वित प्रयासों से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


