रुद्रप्रयाग । (राजतंत्र टाइम्स)। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही बैठक में जनपद मुख्यालय स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ सभी विकासखंडों के अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे तथा अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बैठक के दौरान कहा कि वर्षाकाल के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आवश्यक संसाधनों, मशीनरी एवं कार्मिकों के साथ पूर्ण रूप से तैयार रहें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी घटना की सूचना बिना विलंब जिला प्रशासन एवं आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाए,
उन्होंने विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों तथा केदारनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कहा कि समय-समय पर लोगों और यात्रियों को मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराते रहें तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर रोकने या मार्गदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कहीं भी भूस्खलन, मलबा आने या अन्य कारणों से सड़क अवरुद्ध होती है, तो संबंधित विभाग तत्काल मशीनरी मौके पर भेजकर युद्धस्तर पर मार्ग खोलने की कार्रवाई करें, ताकि यातायात जल्द से जल्द सुचारु हो सके और आमजन व यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीओ रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट, समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


