देहरादून में CITS इलेक्ट्रीशियन वर्कशॉप का उद्घाटन, ‘विकसित भारत 2047’ के लिए कुशल युवाओं पर जोर

Share Now

एनएसटीआई में अत्याधुनिक लैब शुरू, प्रशिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने की पहल

देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार की सचिव देबश्री मुखर्जी ने एनएसटीआई देहरादून का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ‘क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम’ (CITS) के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन वर्कशॉप का उद्घाटन किया।


यह अत्याधुनिक वर्कशॉप इलेक्ट्रिकल ट्रेड में प्रशिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। लैब आधुनिक उपकरणों, उन्नत प्रशिक्षण मॉड्यूल और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप साजो-सामान से सुसज्जित है, जिससे प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक और तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।
अपने संबोधन में सचिव ने कहा कि एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार कुशल कार्यबल के निर्माण में उच्च-गुणवत्ता वाले प्रशिक्षक प्रशिक्षण की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशिक्षक प्रशिक्षुओं की व्यावहारिक क्षमताओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और कौशल विकास प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
दौरे के दौरान सचिव ने प्रशिक्षुओं और संकाय सदस्यों के साथ संवाद भी किया तथा संस्थान द्वारा उद्योग की जरूरतों के अनुरूप सक्षमता-आधारित प्रशिक्षण देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को उभरती तकनीकों को अपनाने और अपने कौशल को निरंतर उन्नत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अमृत पाल सिंह (क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE उत्तराखंड), ज्ञान प्रकाश चौरसिया (उप निदेशक/प्राचार्य, NSTI देहरादून), आर्यन जांगड़ा (उप निदेशक, RDSDE उत्तराखंड) सहित संस्थान के अधिकारी, संकाय सदस्य और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संस्थान की सुविधाओं के निरीक्षण और चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ हुआ। यह पहल युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाने और देश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *