देहरादून में डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात, मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन
देहरादून/किच्छा।(राजतंत्र टाइम्स)। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विधायक तिलक राज बेहड़ ने देहरादून में प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठाई। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा मंत्री को पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।
विधायक बेहड़ ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, सिरौली, रामेश्वरपुर, गिद्धपुरी, किच्छा, खमरिया एवं छिनकी को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत करने की मांग की। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बब्बरपुर, तुर्कागौरी, रामनगर, पंतपुरा, नगला, भंगा तथा राजकीय उच्च विद्यालय किच्छा को इंटरमीडिएट स्तर पर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर को उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की मांग भी रखी।उन्होंने शिक्षा मंत्री को बताया कि इस संबंध में वर्ष 2023 में भी पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी के अनुपात में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की संख्या पर्याप्त नहीं है, जिससे हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को प्रवेश में परेशानी का सामना करना पड़ता है।बेहड़ ने कहा कि किच्छा नगर में वर्तमान में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज है, जहां प्रवेश का अत्यधिक दबाव रहता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों की कमी के कारण विशेष रूप से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ विद्यालयों में जाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासनकाल के बाद किच्छा विधानसभा क्षेत्र में किसी भी राजकीय विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हुआ है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में इसकी अत्यंत आवश्यकता है। इन विद्यालयों के उच्चीकरण से हजारों छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक बेहड़ की मांगों को गंभीरता से सुना और किच्छा विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित सभी विद्यालयों के उच्चीकरण पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


