रुद्रप्रयाग।(राजतंत्र टाइम्स)। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को अगस्त्यमुनि में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सरस भोजनालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजनालय का संचालन कर रही महिलाओं से संवाद करते हुए उनके कार्यों, आय सृजन, संचालन व्यवस्था तथा सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरस भोजनालय जैसी पहलें ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजनालय में उपलब्ध खाद्य सामग्री, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा ग्राहकों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। इस दौरान महिलाओं ने जिलाधिकारी को भोजनालय के संचालन, आय में हो रही वृद्धि तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी। जिलाधिकारी ने उन्हें विश्वास दिलाया कि स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनके प्रयास अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।


