श्रमिक हितों के संरक्षण और औद्योगिक शांति पर जोर, उद्योगों को दिए सख्त निर्देश
देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स) प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में उद्योग प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, बोनस एवं अन्य सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रमुख सचिव ने आयुक्त उद्योग, आयुक्त श्रम एवं उद्योग प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी श्रमिकों को न्यूनतम वेतन सहित सभी वैधानिक सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी उद्योग संस्थान श्रम कानूनों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें और औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए श्रमिकों से नियमित संवाद स्थापित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापक स्क्रीनिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिकों को मानकों के अनुरूप वेतन और सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति भ्रम या दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में उद्योग और श्रम विभाग के अधिकारियों तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। प्रतिनिधियों ने बताया कि उद्योगों में निर्धारित मानकों के अनुरूप न्यूनतम वेतन एवं अन्य सुविधाएं श्रमिकों को प्रदान की जा रही हैं।
बैठक के दौरान कहा गया कि राज्य सरकार और श्रम विभाग श्रमिकों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं तथा उनके अधिकारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।


