मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग अलर्ट, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

Share Now
  • मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग अलर्ट, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

रूद्रपुर। (राजतंत्र टाइम्स) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, नगर आयुक्तों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपादित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान राजनीतिक दलों के बीएलए की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि बाद में किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति न बने।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी त्रुटि के कारण किसी पात्र व्यक्ति का नाम निर्वाचन नामावली से छूट गया है तो उसे समय रहते जोड़ा जाए। साथ ही दायित्वों के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *