स्वतंत्रता दिवस पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग में ध्वजारोहण

देहरादून। (राजतंत्र टाइम्स)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशी धर तिवारी ने शनिवार को विभागीय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

महानिदेशक बंशी धर तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हमें देश और प्रदेश के विकास में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग की भूमिका सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी कार्मिकों को अपने कार्यों में गुणवत्ता, निष्पक्षता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

इस अवसर पर अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।