किच्छा। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने महाराणा प्रताप चौक पहुंचकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप के साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महान योद्धा थे, जिन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है तथा युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना चाहिए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के प्रतीक थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “महाराणा प्रताप अमर रहें” के जयघोष लगाए तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर मनमोहन सक्सेना, संदीप अरोड़ा, महेंद्र पाल, कुलदीप बग्गा, मूलचंद राठौर, मुकेश कोली, आरती दुबे, संजीव खन्ना, विनोद कोली, नितिन फुटेला सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


